*ग्रामीणों को दूर से पानी लाने की समस्या से मिला छुटकारा*
*ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को किया धन्यवाद ज्ञापित*

तिजराम साहू ब्युरो मुंगेली // मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्री अरूण साव के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर श्री राहुल देव के मार्गदर्शन में जल जीवन मिशन के अंतर्गत जिले के दूरस्थ वनांचल इलाकों में भी ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल मुहैया कराने की दिशा में हर संभव कार्य किए जा रहे है। इसी प्रयास का नतीजा है कि पहाड़ में रह-रहे विशेष पिछड़ी जनजातियों को अब शुद्ध पेयजल मिलने लगा है। घर में ही शुद्ध पेयजल मिलने से ग्रामीणों को दूर से पानी लाने की समस्या से छुटकारा मिल गया है, जिससे उनके बीच खुशी का माहौल है।
शासन की महत्वाकांक्षी योजना जल जीवन मिशन अंतर्गत जिले के ग्राम औरापानी में हर घर में नल से जल पहुंच चुका है। जिला मुख्यालय से लगभग 50 किलोमीटर की दूरी पर स्थित ग्राम औरापानी, जहां विशेष पिछड़ी बैगा जनजाति के लोग निवास करते है। इस गॉव की जनसंख्या लगभग 199 है। ग्राम औरापानी में ग्रामीण पहले पीने के पानी के लिए कुएं पर आश्रित रहा करते थे, जिससे यहाँ के ग्रामीणों का काफी समय पानी लाने में ही व्यतीत हो जाता था। खासकर गर्मी के समय भू-जल स्तर नीचे चले जाने से समस्या दुगनी हो जाती थी। ग्राम औरापानी दूरस्थ वनांचल क्षेत्र में स्थित होने के कारण गॉव में विद्युत की सुविधा भी नहीं है।
कलेक्टर के मार्गदर्शन में पीएचई विभाग द्वारा जल जीवन मिशन के तहत गॉव में 02 हैंडपंप स्थापित किया गया और 2500 मीटर पाइप लाइन बिछाकर 44 घरों में सोलर आधारित नल का कनेक्शन दिया गया है, जिसके माध्यम से प्रत्येक घर में नल से स्वच्छ पेयजल पहुंच रहा है। ग्राम औरापानी के सोनमती ने बताया की पहले पानी दूर जाना पड़ता था, लेकिन जल जीवन मिशन के तहत् हर घर में नल के लग जाने से उनकी समस्या दूर हो गई है। अब हर घर में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो रहा है। इसके लिए ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री श्री नरेद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय को धन्यवाद ज्ञापित किया है।
