More

    *खरीफ सीजन में किसानों को खाद-बीज की नहीं होगी कमी: कलेक्टर*

    *खरीफ सीजन में किसानों को खाद-बीज की नहीं होगी कमी: कलेक्टर*

    *कलेक्टर ने पीएम सूर्य घर योजना को जन-जन तक पहुंचाने के दिए निर्देश*

     *पंचायतों में विकास और आजीविका बढ़ाने पर विशेष जोर*

     मुकेश साहू ब्यूरो मुंगेली, // कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक लेकर खरीफ सीजन की तैयारियों, पंचायतों में विकास और आजीविका बढ़ाने, पीएम सूर्य घर योजना तथा बाढ़ आपदा प्रबंधन की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने खरीफ सीजन के दौरान किसानों को खाद एवं बीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने सभी सहकारी समितियों एवं खाद-बीज विक्रय केंद्रों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा किसी भी स्थिति में किसानों को आवश्यक कृषि आदान की कमी नहीं होने देने के निर्देश दिए। साथ ही जिले में हो रही वर्षा की स्थिति की समीक्षा करते हुए संभावित सूखे की परिस्थितियों में आवश्यक वैकल्पिक तैयारियां समय रहते सुनिश्चित करने को कहा।

    कलेक्टर ने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को पंचायत स्तर पर दीर्घकालिक एवं प्रभावी विकास कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पंचायतों में विकास और आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा देने, ग्रामीणों की आय में वृद्धि करने तथा आत्मनिर्भर ग्रामों के निर्माण के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाए। बैठक में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि यह योजना ऊर्जा सुरक्षा और बिजली व्यय में कमी लाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने अधिकारियों को अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजना से जोड़ने तथा विशेष रूप से प्रधानमंत्री आवास योजना के अल्प आय वर्ग के हितग्राहियों को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि व्यापक जनजागरूकता के माध्यम से लोगों को योजना का अधिकाधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया जाए।

    कलेक्टर ने वर्षा एवं संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए आपदा प्रबंधन की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने, दुर्घटना संभावित स्थानों पर चेतावनी संबंधी सूचना बोर्ड एवं निर्देश चस्पा करने तथा आम नागरिकों को नदी-नालों को पार करते समय आवश्यक सावधानियों के प्रति लगातार जागरूक करने के निर्देश दिए। बैठक में सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, सीएसपीडीसीएल के ईई श्री नंदकिशोर सोनी, उप संचालक कृषि श्रीमती वीणा ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

    Trending News

    Technology