*एचआईवी-टीबी उन्मूलन को गति देने जिला स्तरीय समन्वय बैठक आयोजित*
*गर्भवती महिलाओं की शत-प्रतिशत एचआईवी एवं सिफलिस जांच, उपचार से जुड़े मरीजों की नियमित मॉनिटरिंग पर विशेष जोर*

मुकेश साहू ब्यूरो मुंगेली,// राष्ट्रीय एड्स एवं एसटीडी नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत एचआईवी एवं टीबी उन्मूलन अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला स्तरीय एचआईवी-टीबी समन्वय बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा के मार्गदर्शन में आयोजित बैठक में दोनों राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए वार्षिक लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में जिला एड्स नियंत्रण अधिकारी डॉ. सुदेश रात्रे ने अप्रैल से जून 2026 तक की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने जिले में पंजीकृत सभी गर्भवती महिलाओं की शत-प्रतिशत एचआईवी एवं सिफलिस जांच सुनिश्चित करने तथा जांच संबंधी समस्त जानकारी को एचआईएमएस पोर्टल पर समयबद्ध रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए। इसके लिए तीनों विकासखंडों में स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न घटकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए नियमित साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने पर बल दिया गया। एचआईवी उपचार बीच में छोड़ चुके मरीजों की गोपनीय तरीके से पहचान कर उन्हें पुनः एआरटी सेंटर, बिलासपुर से जोड़ने (रिलिंक) की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने उपचार की निरंतरता बनाए रखने तथा प्रत्येक पात्र मरीज तक स्वास्थ्य सेवाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में मुंगेली, लोरमी एवं पथरिया विकासखंड के स्वास्थ्य अधिकारी, जिला एड्स नियंत्रण कार्यक्रम, जिला क्षय उन्मूलन कार्यक्रम तथा ग्रामीण विकास सहारा संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
