*अकलतरा में पहली बार पहुंची कैंसर डिटेक्शन वैन, निशुल्क जांच एवं परामर्श शिविर आयोजित*

मनोज साहू ब्यूरो जांजगीर-चांपा:- जिले के अकलतरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, जिला स्वास्थ्य समिति तथा बालको मेडिकल सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में निशुल्क कैंसर जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य कैंसर जैसी गंभीर बीमारी की समय पर पहचान कर प्रभावी उपचार की दिशा में लोगों को जागरूक करना और आवश्यक जांच सुविधाएं उपलब्ध कराना रहा।
शिविर की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि अकलतरा में पहली बार बालको की “होप कैंसर डिटेक्शन वैन” पहुंची, जिसके माध्यम से आधुनिक तकनीक से कैंसर की स्क्रीनिंग की गई।
अकलतरा के खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. महेंद्र सोनी ने बताया कि विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा महिलाओं की मैमोग्राफी से स्तन कैंसर, पेप स्मीयर के माध्यम से सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर तथा ब्रश साइटोलॉजी से मुख कैंसर की जांच की गई।
बालको हॉस्पिटल, कोरबा के डॉ. युसूफ ने बताया कि शिविर में कैंसर जांच के साथ-साथ बीपी, ब्लड शुगर, बीएमआई, एनीमिया, सिकल सेल एनीमिया, थैलेसीमिया सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण भी निशुल्क किए गए।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि कैंसर के अधिकांश मामलों में शुरुआती लक्षणों की अनदेखी बीमारी को गंभीर बना देती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि लंबे समय से स्तन में गांठ, मुंह में न भरने वाला घाव, लगातार खांसी, आवाज में बदलाव, निगलने में कठिनाई, बिना कारण वजन घटना, शरीर में असामान्य गांठ, त्वचा में बदलाव या महिलाओं में मासिक धर्म संबंधी असामान्य समस्याएं हैं, तो विशेषज्ञ चिकित्सकों से जांच अवश्य कराएं।
शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराकर विशेषज्ञों से परामर्श लिया।
बाइट:
डॉ. महेंद्र सोनी, खंड चिकित्सा अधिकारी, अकलतरा
दीप्ति सारथी, नगर पालिका अध्यक्ष
राशि सोनी
डॉ. युसूफ, बालको हॉस्पिटल, कोरबा
