Home अन्य खबरे असत्य पर सत्य की विजय: बिलासपुर के साइंस कॉलेज ग्राउंड और कोनी...

असत्य पर सत्य की विजय: बिलासपुर के साइंस कॉलेज ग्राउंड और कोनी में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू की उपस्थिति में भव्य रावण दहन संपन्न

0
3

असत्य पर सत्य की विजय: बिलासपुर के साइंस कॉलेज ग्राउंड और कोनी में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू की उपस्थिति में भव्य रावण दहन संपन्न

 संदीप साहू ब्यूरो बिलासपुर में बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की शाश्वत जीत का महापर्व ‘विजयादशमी’ अगाध आस्था, उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने अपनी सक्रिय सहभागिता दर्ज कराते हुए सबसे पहले साइंस कॉलेज ग्राउंड, बिलासपुर और इसके पश्चात कोनी में आयोजित भव्य रावण दहन कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि के रूप में गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।

*राम-लक्ष्मण-सीता और हनुमान की भव्य झाँकी बनी मुख्य आकर्षण*

साइंस कॉलेज ग्राउंड और कोनी दोनों ही प्रमुख आयोजनों में मंच पर सजी भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण जी और पवनपुत हनुमान की भव्य झाँकी उपस्थित जनसमूह के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही। इस मनमोहक और अलौकिक झाँकी के दर्शन करने के लिए दूर-दूर से भारी संख्या में श्रद्धालु पहुँचे थे। पूरा प्रांगण भक्तिमय माहौल से सराबोर नजर आया।

*धर्म, मर्यादा और संस्कृति का संदेश*

विशाल जनसैलाब को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि विजयादशमी का पावन पर्व हमारी पौराणिक मान्यताओं और सनातन इतिहास का वह स्वर्णिम अध्याय है, जब मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम ने लंकापति रावण का वध कर त्रैलोक्य को आतंक मुक्त किया था और धर्म की स्थापना की थी। यह पर्व हमें अहंकार, अन्याय और नकारात्मकता का त्याग कर सत्य, मर्यादा एवं सदाचार के पथ पर चलने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने भारतीय संस्कृति की महान परंपराओं को रेखांकित करते हुए कहा कि विजयादशमी के दिन शस्त्र पूजन यह संदेश देता है कि शक्ति का उपयोग हमेशा धर्म की रक्षा, सज्जनों के कल्याण और राष्ट्र की सुरक्षा के लिए होना चाहिए। इसके साथ ही शमी पूजन हमारे जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आता है।

*समाज और राष्ट्र निर्माण के संकल्प*

श्री साहू ने उपस्थित नागरिकों से आह्वान किया कि वे अपने दैनिक जीवन में सदाचार और उच्च मानवीय मूल्यों को प्राथमिकता दें, बुजुर्गों का आशीर्वाद व संतों का सानिध्य प्राप्त करें, आपसी प्रेम व सद्भाव से समाज को सशक्त करें तथा राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करें।

*आतिशबाजी और गगनभेदी नारों के बीच रावण दहन*

साइंस कॉलेज ग्राउंड और कोनी—दोनों ही स्थानों पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू की उपस्थिति में शानदार आतिशबाजी के बीच रावण के पुतलों का दहन किया गया। आकाश में बिखरती रंग-बिरंगी आतिशबाजी के बीच पूरा परिसर ‘सियावर रामचंद्र की जय’, ‘पवनसुत हनुमान की जय’ और ‘भारत माता की जय’ के गगनभेदी नारों से गूंज उठा।

कार्यक्रम के समापन पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने समस्त देशवासियों को विजयादशमी की हार्दिक बधाई एवं मंगलमय शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में आरोग्य, सुख, शांति और ऐश्वर्य की कामना की।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here