More

    *कलेक्टर ने धान उठाव के सम्बंध में मिलर्स की ली बैठक*

    *कलेक्टर ने धान उठाव के सम्बंध में मिलर्स की ली बैठक*

    *खरीदी केन्द्रों से शीघ्र ही धान उठाव पूर्ण करने के दिए निर्देश*

    *मिलर्स की अनुपस्थिति पर नाराजगी जाहिर करते हुए नोटिस जारी करने के दिए निर्देश*

    मुंगेली // जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 अंतर्गत जिले के 105 उपार्जन केन्द्रों में खरीदे गए धान के उठाव के संबंध में कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में राइस मिलर्स की विस्तृत बैठक ली और कार्य में तेजी लाने के कड़े निर्देश दिए। बैठक में उठाव की धीमी प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी मिलर्स खरीदी केन्द्रों से शीघ्र ही पूरे धान का उठाव पूर्ण करें, अन्यथा नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने बैठक में अनुपस्थित 04 मिलर्स पर नाराजगी जाहिर करते हुए कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
    कलेक्टर ने परिवहन व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि धान उठाव एवं परिवहन कार्य केवल जीपीएस युक्त वाहनों से ही किया जाए तथा बिना जीपीएस वाहनों के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए, जिससे पारदर्शिता बनी रहे और अनियमितताओं पर रोक लगे। मिलर्स ने अपनी समस्याएं रखते हुए धान की बोरियों में पानी डालकर वजन बढ़ाने की लगातार मिल रही शिकायतों का मुद्दा भी उठाया, जिस पर कलेक्टर ने जांच कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को पूरी प्रक्रिया की सतत मॉनिटरिंग करने को कहा, ताकि सार्वजनिक वितरण प्रणाली से जुड़ी व्यवस्थाएं समयबद्ध और सुचारू रूप से संचालित हो सकें। बैठक में अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पांडेय तिवारी अपर कलेक्टर श्री जी.एल. यादव, जिला खाद्य अधिकारी श्री पंकज सेतपाल, एआरसीएस श्री हितेश श्रीवास, जिला प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम श्री संदीप शर्मा, सीसीबी नोडल अधिकारी श्री संतोष सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

     

    Trending News

    Technology