तिजराम साहू मुंगेली // जिला प्रशासन द्वारा उत्तरप्रदेश राज्य के गोरखपुर में बंधक बनाए गए पथरिया विकासखण्ड के 06 श्रमिकोें को बंधकमुक्त कराकर सकुशल उनके गृहग्राम बावली भेजा गया। जिला प्रशासन को 13 जून 2022 को उत्तर प्रदेश राज्य के गोरखपुर में जिले के 06 श्रमिकों को बंधक बनाए जाने के संबंध में शिकायत प्राप्त हुआ था। उक्त शिकायत को कलेक्टर डाॅ. गौरव कुमार सिंह ने गंभीरता से लिया और संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के लिए निर्देश दिए। कलेक्टर के निर्देश पर श्रम विभाग एवं पुलिस विभाग द्वारा तहसील पथरिया के सरगांव थाना अंतर्गत ग्राम बावली के 06 श्रमिकों को दुर्गावती देवी ईंट भट्ठा ग्राम लकोड़ी थाना कौड़ीराम जिला गोरखपुर उत्तरप्रदेश से मुक्त कराकर सकुशल उनके गृहग्राम तक पहुंचाया गया।